लंबे समय तक टलते जाने के बाद अब नवा रायपुर में राजभवन, मुख्यमंत्री निवास और मंत्रियों के बंगलों के निर्माण के आसार दिखने लगे हैं। लोक निर्माण विभाग ने पुणे की एक कंपनी को निर्माण का काम सौंपा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को बताया, धनतेरस के दिन 25 अक्टूबर को नवा रायपुर के सेक्टर-24 में इस राजभवन और मुख्यमंत्री निवास की निर्माण परियोजना का भूमि पूजन होगा।
लोक निर्माण विभाग की योजना के मुताबिक नया राजभवन 12 एकड़ के क्षेत्रफल में बनेगा। इसके निर्माण पर 90 करोड़ रुपए की लागत प्रस्तावित है। वहीं मुख्यमंत्री निवास के लिए 8 एकड़ जमीन का प्रस्ताव है। इसके निर्माण पर 60 करोड़ रुपए की लागत आनी है। इस परियोजना के तहत सेक्टर 24 में मंत्रियों के बंगले और सेक्टर 18 में अधिकारियों के बंगलों को मिलाकर 164 भवन बनाए जाने हैं। इस पूरी परियोजना की लागत 505 करोड़ रुपए होगी। विदित हो कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री निवास की लागत पर बवाल हो चुका है। उस समय लोक निर्माण विभाग और नया रायपुर विकास प्राधिकरण ने 16 एकड़ में सीएम हाउस प्रस्तावित किया था। उसपर 81 करोड़ का खर्च प्रस्तावित था। उसको लेकर काफी विवाद हुआ। विपक्ष ने सरकार पर शाहखर्ची का आरोप लगाया था। 13 अगस्त को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ मंत्रियों के साथ प्रस्तावित जमीन देखी। उसी समय उन्होंने इतने बड़े बंगले पर आपत्ति जताई थी, उसके बाद सीएम हाउस का डिजाइन बदला गया।
Add Comment