आसिफ इक़बाल की कलम से-
‘हमर छत्तीसगढ़’ में भूपेश सरकार के 3 साल पूरे होने के बाद बिदा लेते साल 2021 ने राज्य के 10 जिलों में संपन्न 15 नगरीय निकायों (4-नगर निगम, 05 नगर पालिका व 6 नगर पंचायत) के चुनावों में कॉंग्रेस को धमाकेदार जीत का चमकीला तोहफा दिया है।इन सभी 15 निकायों में से 14 निकायों पर कब्ज़ा कर भूपेश सरकार के छत्तीसगढ़ मॉडल के ब्ल्यू प्रिंट सहित जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपनी मुहर लगा दी है।तीन साल पहले विधानसभा चुनावों में जिस तरह से भाजपा के 15 वर्षीय शासन के बाद कॉंग्रेस ने एतिहासिक जीत हासिल की थी,उसे भी राजनीति के पंडितों व प्रेक्षकों ने कॉंग्रेस की जीत को अप्रत्याशित कहा था।तब भूपेश बघेल ने सरकार की कमान सम्हालकर एकदम नए अंदाज में सरकार का संचालन करते जा रहे हैं।अब तीन साल बाद कॉंग्रेस ने 15 नगरीय निकायों के चुनावों में जिस तरीके से जीत दर्ज़ की है, उसे भी अप्रत्यासित कहा जा रहा है।सिर्फ जामुल नगर पालिका में भाजपा को मिली जीत के सिवाय कॉंग्रेस की जीत “एकतरफा”ही मानी जा सकती है।मसलन बस्तर संभाग की सभी चारों कोंटा,भोपालपत्तनम,भैरमगढ़ व नरहरपुर की नगर पंचायतों में कॉंग्रेस की शानदार जीत रही।लगभग यही हाल चारों नगर निगमों में हुआ।सिर्फ बीरगांव नगर निगम में 2 सीटें बहुमत के लिए कम पड़ रही थी तब वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा व रायपुर ज़िला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा के सदप्रयासों से दो निर्दलीय शकुन्तला धन्नू बांदे व सुशीला मार्कण्डे ने कॉंग्रेस का दामन थाम कर बहुमत का पेंच हल कर दिया। निकाय चुनावों के परिणामों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रखरता से कहा है कि सभी निकायों में स्थानीय सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।उन्होंने कटाक्ष किया कि भाजपा का फूल कॉंग्रेस के सामने बिखर गया है और भाजपा केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखते रह जायेगी।निकाय चुनावों के परिणामों से साफ ज़ाहिर है कि प्रदेश की जनता ने सरकार के कामों पर विश्वास जताया है।प्रदेश कॉंग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि निकाय चुनाव परिणाम कॉंग्रेस की अपेक्षाओं के अनुरूप आए हैं और परिणम से जनता के मूड को समझा जा सकता है। श्री मरकाम ने यह भी कहा कि यह चुनाव सरगुजा और बस्तर से लेकर रायपुर,भिलाई,दुर्ग में हुए है,जहां की जनता ने भूपेश सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने इन जीतों का श्रेय कॉंग्रेस के कार्यकर्ताओं के परिश्रम व एकजुटता को दिया है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा है कि पूरे नगरीय चुनाव में सत्ता और धनबल का दुरुपयोग हुआ है।गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि रिसाल नगर निगम के लिए पहली दफे चुनाव में कॉंग्रेस की मेहनत रंग लाई है और कॉंग्रेस का मेयर बनना तय है।।
Add Comment