Chhattisgarh COVID-19

सैलानियों को कोरबा के रमणीय पर्यटन केंद्र सतरेंगा की मनोहारी सौगात

सतरेंगा के विकसित होने के साथ यहां मनोरंजन के क्षेत्र में नए आयाम जुड़े

बिलासपुर: वर्ष 2020 में छत्तीसगढ़ के साथ देश के सैलानियों को कोरबा के रमणीय पर्यटन केंद्र सतरेंगा की मनोहारी सौगात भी मिली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर रायपुर से आनलाइन समारोह में माडर्न टूरिस्ट हब के रूप में विकसित महादेव दर्शन केंद्र को समर्पित किया। गहरी नीली झील और द्वीपों की सुंदर वादियों के रूप में इस रमणीय स्थल काे जाना जाता है, जो अब अंतर्राष्ट्रीय पहचान स्थापित करने की ओर अग्रसर है। महादेव दर्शन केंद्र के नाम से ख्यातिलब्ध इस मनोरम केंद्र को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के मानचित्र में जगह तो मिली ही, पर्यटन की दृष्टि से कोरबा की ख्याति अब पूरे देश में निखर रही है। परिवार समेत पिकनिक एवं नौका विहार के साथ रोमांचक पर्यटन का आनंद उठाने पर्यटकों के लिए अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। बच्चों की धमाचौकड़ी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपकरणों का इंतजाम भी किया गया है, जो उन्हें भरपूर खेल की आजादी देता है।
अंतरराष्ट्रीय पैमानों पर खरा उतरने इस केंद्र का पर्यटन मंडल की ओर से समुचित विकास करते हुए सर्वसुविधायुक्त बनाने अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। सतरेंगा के विकसित होने के साथ यहां मनोरंजन के क्षेत्र में नए आयाम जुड़े। हर साल यहां पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंचती है, जिनके लिए खासकर फ्लोटिंग जैटी पर तैयार फ्लोटिंग रेस्तरां, आधुनिक मोटर बोट, हाइमास्ट लाइट, फूड स्टाल, क्रूज की सवारी से माडर्न टूरिस्ट हब की परिकल्पना साकार हो सकी। टूरिज्म बोर्ड से अनुबंधित कंपनी लिटमस मरीन ने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, जेटी के साथ ही क्रूज, फ्लोटिंग काटेज व हाऊस बोट की सुविधा दी जा रही है।
वाटर स्पोर्ट्स का रोमांच, एसी रिसार्ट- वाटर स्पोर्ट्‌स के रोमांच का शौक रखने वाले पर्यटकों की पसंद के अनुरुप सतरेंगा को राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। सतरेंगा में फूड जोन भी विकसित किया गया है, जिसका संचालन स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को दिया गया है। यहां छत्तीसगढ़ी और दक्षिण भारतीय व्यंजनों को बनाने जिला प्रशासन ने उन्हें आकर्षक तरीके से परोसने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया है। पचास महिलाएं इस फूड जोन से अपना रोजगार चलाएंगी। दुकानों को इस प्रकार सजाया गया है कि सामने की ओर रंग-बिरंगी छतरी लगे छोटे स्टाल में लोग आराम से बैठ प्राकृति के बीच खाने-पीने का लुफ्त उठा सकते हैं। यहां एसी व नानएसी रिसार्ट भी है, जो अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की मांग के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
विकसित होगा एयर स्ट्रिप से पहुंच मार्ग – कोरबा वनमंडल अंतर्गत वाला पर्यटन केंद्र सतरेंगा, बांगो बरॉज के डुबान क्षेत्र में अवस्थित है, जो कोरबा शहर से 45 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है। बांगो डुबान की अपार जलराशि के करीब चार हजार हेक्टेयर में मौजूद इस पिकनिक स्पॉट में मीलों के फैली जलराशि में अनेक द्वीप हैं, जहां बोटिंग कर पर्यटक जा सकेंगे और प्रकृति का रोमांचक नजारा ले सकेंगे। बाल्को एयर स्ट्रीप से अजगरबहार होकर पहुंचने पांच मीटर चौड़ी पक्की सड़क की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सहायता केंद्र – पर्यटन स्थल में असामाजिक गतिविधियां रोकने के लिए पुलिस सहायता केंद्र शुरू कर दी गई है। पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त रखने पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने के बाद सहायता केंद्र शुरू किया है। जिला प्रशासन प्रकृति सौंदर्य से ओतप्रोत सतरेंगा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रहा है। वर्तमान में कई कार्य हो चुके हैं और कुछ कार्य प्रगति पर हैं। इससे जिले समेत बाहर के जिलों से भी पर्यटक परिवार के साथ यहां पहुंचने लगे हैं। सहायता केंद्र से असामाजिक तत्वों से पर्यटकों व सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चत होगी।

Live Videos

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Our Visitor

0514522