नई दिल्ली / केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान पर भारत बचाओ रैली कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर होते हुए कांग्रेस शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान पर ‘भारत बचाओ’ रैली का आयोजन कर रही है। इस रैली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी के अन्य दिग्गज नेता भी शामिल हुए हैं। कांग्रेस इस रैली के जरिये भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश में हैं। इसी कड़ी में गांधी परिवार ने मोदी सरकार पर जमकर तंज कसा। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रैली के दौरान कहा कि गलत नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। जीएसटी से खजाना खाली हो गया, इसकी जांच होना चाहिए। नागरिकता संशोधन कानून पर सोनिया ने कहा कि देश के संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। इसके पूर्व राहुल ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता शेर है। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, गांधी है। पीएम मोदी द्वारा की गई नोटबंदी पर भी तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। इसके पूर्व दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रियंका गांधी मोदी सरकार पर हमलावर हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश प्रेम और अहिंसा का देश है। यहां समानता का अधिकार नहीं बचा है। ऐसे में देश को बचाने के लिए इस रैली का आयोजन किया गया है।
प्रियंका गांधी ने साथ ही कहा कि जीडीपी पाताल में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के रहते ऐसे कानून बन रहे हैं जिससे देश का संविधान खतरे में है। प्रियंका ने कहा कि विभाजनकारी कानून से देश खतरे में है। मेरे पिता का खून इस मिट्टी में मिला है। प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस सरकार को आर्थिक मंदी, महिला हिंसा, किसान विरोधी नीतियों, बेरोजगारी के साथ ही संविधान पर हमले के मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर हमलावर रुख अपना रही है। रैली के दौरान इन सभी मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करेगी।
रामलीला मैदान में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रामलीला मैदान में धान के मुद्दे पर मोदी को घेरा और आरोप लगाया कि उनकी सरकार किसानों को 2500 रुपये समर्थन मूल्य देना चाहती है लेकिन मोदी रोक रहे हैं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अकेला राज्य है जहां किसानों को धान के 2500 रुपये दिए गए जिससे पिछले एक साल में किसी किसान ने आत्महत्या नहीं की. भूपेश बघेल ने कहा कि फिर भी छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ न्याय होगा. उनकी जेब में 2500 रुपये आएंगे भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हुंकार भरी. भूपेश बघेल ने मोदी का बिना नाम लिए कहा कि ऐसा लगता है कि बंदर में हाथ में उस्तरा आ चुका है. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वो केवल जलाना जानते हैं. केवल काटना और बांटना जानते हैं. भूपेश बघेल ने मोदी के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि नोटबंदी में 125 लोग लाइन में मर गए. जीएसटी से व्यापारी आत्महत्या करने लगे. 370 लगाया तो कश्मीर में ताला लग गया. अब कैब के बाद नार्थ इस्ट जल रहा है. भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि ये देश में आग लगाना चाहते हैं.उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग जान देना जानते हैं. भूपेश बघेल ने इस रैली में राहुल गांधी को आगे लाने की वकालत की. उन्होंने कहा कि ये पूरे देश को संदेश देना होगा कि कांग्रेस की एकमात्र विकल्प है और इसके नेता राहुल गांधी हैं. भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार किसान विरोधी और व्यापार विरोधी है. उन्होंने आरोप लगाया कि ये राज्यों को जीएसटी के पैसे नहीं दे रही है.
CAB का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस – कांग्रेस द्वारा भारत बचाओ रैली के दौरान हाल ही में बनने वाले नागरिकता संशोधन कानून का मुद्दा भी उठाया जाएगा। देश के कई हिस्सों में इस कानून का विरोध हो रहा है, वहीं कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को हवा देकर एनडीए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।
मंदी, बेरोजगारी पर हमलावर है कांग्रेस – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार भारत की गिरती अर्थव्यवस्था और देश में बढ़ रही बेरोजगारी को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर रहे हैं। शनिवार को निकाली जाने वाली रैली के दौरान भी यह मुद्दे पार्टी जोर-शोर से उठाएगी।
कांग्रेस ने किया यह ट्वीट – कांग्रेस द्वारा निकाली जाने वाली भारत बचाओ रैली के पहले ही देशभर से कांग्रेसी दिल्ली पहुंच गए हैं। इस बीच रैली के पहले कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से एक ट्वीट किया गया है। जिसमें कहा गया कि ‘आवाज उठाकर कदम बढ़ाओ, इन तानाशाहों से देश बचाओ। देश हमारी जान है और तिरंगा आन है, संघर्ष में पीछे छूटो ना, शक्ति ही पहचान है।।’
मोदी सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया – राहुल

Add Comment