वॉशिंगटन डीसी, अमेरिका
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कुछ एआई (AI) से तैयार की गई तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में ईरान के तेल निर्यात और सैन्य ठिकानों से जुड़े काल्पनिक युद्ध जैसे दृश्य दिखाई देते हैं। इन पोस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन तस्वीरों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ट्रंप द्वारा साझा की गई एक तस्वीर में एक ईरानी तेल टैंकर पर कब्जा दिखाया गया है, जबकि दूसरी तस्वीर में ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्क द्वीप पर लड़ाकू विमानों द्वारा बमबारी का दृश्य नजर आता है। एक अन्य तस्वीर में ट्रंप खुद अमेरिकी झंडे वाले जहाज पर सवार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इन तस्वीरों के साथ यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वे वास्तविक घटनाओं को दर्शाती हैं या केवल प्रतीकात्मक एवं एआई आधारित कल्पनाएं हैं।
खार्क द्वीप ईरान के कच्चे तेल के निर्यात का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। ऐसे में इस स्थान को दर्शाने वाली तस्वीरों ने कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है। हालांकि इन पोस्ट में किसी नई सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के कारण अमेरिका के एयर डिफेंस सिस्टम और गोला-बारूद के भंडार पर दबाव बढ़ रहा है। इन दावों को ट्रंप ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया के किसी भी देश से अधिक हथियार और गोला-बारूद मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका का सैन्य भंडार जरूरत से कहीं अधिक है और हथियारों की कमी की खबरें पूरी तरह निराधार हैं।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।















Add Comment