बेंगलुरु/कोझिकोड
देश के दो राज्यों से गुरुवार को सामने आई घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। कर्नाटक के बेंगलुरु में एक स्कूल के 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि केरल के कोझिकोड रेलवे स्टेशन पर 130 साल पुराना क्लॉक टावर अचानक ढह गया। दोनों मामलों में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
बेंगलुरु के बाहरी इलाके कदयारप्पनाहल्ली स्थित एक स्कूल में छठी कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र के परिजनों का आरोप है कि स्कूल के फिजिकल एजुकेशन शिक्षक द्वारा की गई मारपीट और अत्यधिक दबाव के कारण बच्चे की मौत हुई। घटना के बाद परिवार के सदस्य और अन्य अभिभावक स्कूल और अस्पताल पहुंचे तथा विरोध प्रदर्शन किया। नॉर्थ-ईस्ट डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
वहीं, केरल के कोझिकोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह करीब 11:10 बजे 130 वर्ष पुराना क्लॉक टावर अचानक ढह गया। टावर का मलबा प्लेटफॉर्म नंबर-2 और ओवरहेड बिजली लाइनों पर गिरा। घटना के समय वहां कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन पर खड़ी कोझिकोड-कन्नूर पैसेंजर ट्रेन भी खाली थी।
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 को बंद कर दिया। कुछ ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुरानी इमारत के कमजोर होने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में पहले से दरारें दिखाई दे रही थीं। फिलहाल पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। स्थानीय विधायक ने स्टेशन की पुरानी इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराने और मामले की जांच की मांग की है।















Add Comment