आईपीएल 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर आग उगल रहा है। राजस्थान रॉयल्स के इस स्टार खिलाड़ी ने अपने दमदार प्रदर्शन से पूरे सीजन में सुर्खियां बटोरी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दूसरे क्वालिफायर में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन ठोककर टीम को जीत दिलाई और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। हालांकि, वैभव की इस चमक के बीच टीम के दूसरे स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल की चर्चा कम होती नजर आ रही है।
हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में जायसवाल ने 29 गेंदों पर 29 रन बनाए। उनकी धीमी पारी को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए। इसी बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज और छह बार आईपीएल खिताब जीत चुके अंबाती रायडु ने जायसवाल को बड़ी सलाह दे दी। रायडु का मानना है कि यशस्वी को अब राजस्थान रॉयल्स छोड़कर किसी दूसरी टीम में जाना चाहिए।
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर बातचीत करते हुए रायडु ने कहा कि यशस्वी को अपने खेल में बदलाव की जरूरत नहीं है, लेकिन उन्हें वैभव सूर्यवंशी की छाया से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा, “यशस्वी खुद एक बड़े खिलाड़ी हैं। अगर वे किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में जाते हैं तो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं। उन्हें एक नए मंच की जरूरत है, जहां वे टीम के मुख्य खिलाड़ी के रूप में उभर सकें।”
रायडु ने आगे कहा कि जायसवाल को प्रतिस्पर्धा में उलझने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मुंबई इंडियंस को यशस्वी के लिए बेहतर विकल्प बताया। रायडु के मुताबिक, मुंबई जैसी टीम में उन्हें नई भूमिका और ज्यादा पहचान मिल सकती है।
यशस्वी जायसवाल पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। आईपीएल 2023 में उन्होंने 14 मैचों में 635 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। इसी सीजन उन्होंने आईपीएल इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी भी लगाई थी, जो उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में पूरी की थी।
इसके बाद 2025 सीजन में भी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 559 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट लगभग 160 का रहा। वहीं आईपीएल 2026 में भी उन्होंने अब तक 426 रन बना लिए हैं और तीन अर्धशतक जड़े हैं। बावजूद इसके, वैभव सूर्यवंशी के धमाकेदार प्रदर्शन के कारण उनकी उपलब्धियों पर ज्यादा चर्चा नहीं हो पा रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले सीजन में राजस्थान रॉयल्स यशस्वी को किस भूमिका में इस्तेमाल करती है और क्या भविष्य में वे किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनते हैं।
















Add Comment