Russia और Ukraine के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। यूक्रेन द्वारा रूस के स्टारोबिस्क क्षेत्र में किए गए घातक ड्रोन हमले के बाद अब मॉस्को ने राजधानी कीव पर बड़े और व्यवस्थित हमलों की धमकी दी है। रूस ने विदेशी नागरिकों और स्थानीय लोगों से शहर खाली करने और सैन्य ठिकानों से दूर रहने की अपील की है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूसी सेना अब कीव में यूक्रेन के रक्षा ढांचे और ड्रोन निर्माण से जुड़े सैन्य ठिकानों को लगातार निशाना बनाएगी। मंत्रालय के मुताबिक, उन सुविधाओं पर हमले किए जाएंगे जहां ड्रोन डिजाइन, निर्माण और संचालन के लिए तैयार किए जाते हैं।
हाल ही में स्टारोबिस्क में हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में 18 लोगों की मौत हुई थी जबकि 42 लोग घायल हो गए थे। रूस ने इस हमले को “आतंकवादी कार्रवाई” करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया देने की बात कही है।
रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन को ड्रोन ऑपरेशन में नाटो देशों के विशेषज्ञों का समर्थन मिल रहा है। मंत्रालय के अनुसार, नाटो से जुड़े विशेषज्ञ यूक्रेन को तकनीकी सहायता, टोही जानकारी और लक्ष्य निर्धारण डेटा उपलब्ध करा रहे हैं।
रूस ने विदेशी नागरिकों, राजनयिक मिशनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कर्मचारियों को जल्द से जल्द कीव छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही आम नागरिकों से कहा गया है कि वे सैन्य और प्रशासनिक इमारतों के पास न जाएं क्योंकि ये इलाके संभावित हमलों के दायरे में हैं।
इस बीच Volodymyr Zelenskyy ने कहा है कि यूक्रेन की एंटी-बैलिस्टिक रक्षा क्षमता गंभीर रूप से कमजोर पड़ रही है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन इस दिशा में यूरोपीय सहयोगियों और अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रहा है।
जेलेंस्की ने कहा कि ईरान और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर में एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम की उपलब्धता कम हो गई है, जिससे यूक्रेन को आवश्यक रक्षा उपकरण जुटाने में कठिनाई हो रही है।
वहीं Sergey Lavrov ने अमेरिकी विदेश मंत्री को भी सूचित किया है कि रूस यूक्रेन के सैन्य और निर्णय लेने वाले केंद्रों पर लगातार हमले जारी रखेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की यह चेतावनी आने वाले दिनों में युद्ध को और अधिक भीषण बना सकती है। कीव में बढ़ते खतरे के बीच नागरिकों में दहशत का माहौल है।














Add Comment