Raipur CG

कांग्रेस में मेयर के लिए ये दावेदारियां

रायपुर निगम है शहरी सत्ता की हॉट सीट
कांग्रेस दो चुनाव लगातार जीत चुकी है
रायपुर नगर निगम चुनाव के लिए राजधानी रायपुर में मेयर का पद सामान्य होने के कारण बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के दावेदार सामने आ रहे हैं। राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस ने लगातार दो बार रायपुर मेयर का चुनाव राज्य में विपक्षी रहते हुए जीता है, लेकिन डेढ़ दशक बाद ये मौका आया है कि राज्य में सत्ताधारी होने के बाद मेयर चुनाव में उतरेगी। ऐसे में सत्ताधारी पक्ष का प्रत्याशी बनने के लिए जोड़तोड़ स्वाभाविक गति से तेज हो गई है। इस बीच रायपुर के 70 वार्डों के लिए भी दावेदार तैयार हो रहे हैं।

रायपुर में मेयर पद के दावेदारों में कई अलग-अलग गुटों के नेताओं की दावेदारी है जो अपने करीबी को टिकट दिलाने की जुगत में हैं। मेयर का पद सामान्य होने के कारण मौजूदा मेयर प्रमोद दुबे की दावेदारी स्वाभाविक हो सकती है, लिहाजा वे प्रयास में जुटे हैं।

मेयर-प्रमोद दुबे
लेकिन उनके दावे के आगे लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार आड़े आ सकती है। उनको फिर से मेयर का टिकट देने पर ये सवाल भी होंगे कि रायपुर निगम की चार विधानसभा सीटों पर उन्हें कितने वोट मिले,और कम मिले तो क्यों। सवाल ये भी हो सकता है कि एक ही व्यक्ति को मेयर के बाद सांसद फिर मेयर का टिकट क्यों।

विकास उपाध्याय की निकटता
रायपुर पश्चिम से राजेश मूणत को हराकर विधानसभा में पंहुचे विधायक विकास उपाध्याय को भी दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ करीब नजर आ रहे हैं। इस आधार पर भी उनकी उम्मीद हरी होती दिख रही है। लेकिन उनके मामले में भी ये सवाल हो सकता है कि विधायक की टिकट के बाद मेयर प्रत्याशी क्यों बनाया जाए।

विधायक- विकास उपाध्याय
लेकिन जीत की संभावना का आकलन करते समय उनका पलड़ा भारी हो सकता है। रायपुर उत्तर के विधायक कुलदीप जुनेजा की दावेदारी है। रायपुर उत्तर से दो बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले कुलदीप नगर निगम की सियासत के तगड़े खिलाड़ी रहे हैं,उन्होंने पार्षद के रूप राजनीति शुरु करने के बाद अपना स्थान बनाए रखने में सफलता पाई है।

मंहत गुट से ये हैं दावेदार
पूर्व पार्षद घनश्याम राजू तिवारी भी रायपुर के मेयर पद के दावेदार हैं। उन्हें विधानसभाध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत का करीबी माना जाता है,वे डॉ.महंत के निज प्रवक्ता भी है। कांग्रेस की राजनीति में साफ-सुथरी छवि रखने वाले घनश्याम राजू तिवारी ने खुलकर अपनी दावेदारी की है।

घनश्याम राजू तिवारी
डॉ.महंत के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं में उनकी अच्छी पंहुच है। लिहाजा वे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

नए दावेदार
प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ.राकेश गुप्ता का नाम भी मेयर टिकट के दावेदारों में है। इससे पहले विधानसभा चुनाव में भी टिकट की उनकी दावेदारी पुख्ता मानी जा रही थी। डॉ.गुप्ता कांग्रेस की राजनीति में साफ सुथरी पहचान रखने वाले वाले नेता है।

डॉ. राकेश गुप्ता
हाल के वर्षों में चिकित्सा से जुड़े कई गंभीर मामलों में उन्होंनें पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त आवाज बुलंद की थी। कांग्रेस सरकार बनने के बाद भी यह क्रम जारी है। राकेश गुप्ता रायपुर के पं.जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र रहे हैं। इनके नेतृत्व में रायपुर में 700 बिस्तर अस्पताल बनाने की मांग को लेकर लंबा संघर्ष छेड़ा गया था। वर्तमान में रायपुर का अंबेड़कर अस्पताल के रूप में कार्यरत है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए भूपेश बघेल ने डा.गुप्ता को कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ का दायित्व देकर कार्य करने कहा था।

ये भी हैं दावेदार
रायपुर नगर निगम की राजनीति में सक्रिय पार्षद सतनाम पनाग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुराने समर्थकों में शामिल हैं, वे भी मेयर पद के दावेदार हैं। निगम की राजनीति से जुड़े सुमीत दास भी मेयर का टिकट चाहते हैं। माना जा रहा है कि सामान्य सीट होने के बाद भी पूर्व मेयर डॉ.किरणमयी नायक भी दावेदार हो सकतीं है। वे पिछड़ा वर्ग से हैं।

सतनाम पनाग/विकास तिवारी
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विकास तिवारी भी मेयर पद की टिकट की दौड़ में हैं। उन्होंने ऐसे संकेत दिए हैं कि वे भी मेयर पद के प्रत्याशी हो सकते हैं। कांग्रेस सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनकी निकटता बढ़ी है। प्रवक्ता के रूप में उनकी सक्रियता लगातार बने रहने से वे चर्चा में हैं।

वार्डों में घमासान दावेदारी
रायपुर के 70 वार्डों के लिए कांग्रेसी दावेदारों में जबरदस्त होड़ लगी है। वार्ड़ों का आरक्षण होने के बाद से राजनीतिक स्थिति साफ हुई है। सभी वार्ड़ों में बड़ी संख्या में दावेदार तैयार हो चुके हैं। धीरे-धीरे दावे सामने आने लगे हैं। माना जा रहा है कि एक -एक वार्ड में कांग्रेस के 3 से लेकर 5 या अधिक दावेदार हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि टिकट की लॉटरी किसके नाम खुलती है।

साभार रियल टाइम

Follow us on facebook

Live Videos

Breaking News

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Our Visitor

0730122