Chhattisgarh State

पाटन ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों में खरीदी के पहले दिन व्यवस्था देखने खुद पहुंचे मुख्यमंत्री

पाटन ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों में किसानों से मिले, कहा आपके हितों का पूरा ध्यान रखेगी सरकार, आपका संतोष हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
दुर्ग। धान खरीदी के पहले दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों तर्रा, फुंडा, आंधी और एम जामगांव में स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने एम जामगांव में स्थित केंद्र में धान बेचने आए किसान तोखन लाल वर्मा का 3 कट्टा धान स्वयं तोला। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर धान की गुणवत्ता भी परखी। मुख्यमंत्री ने किसानों से चर्चा में कहा कि किसानों का संतोष और किसानों का सुख सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभी हम लोग 1815 और 1825 रुपये में धान खरीदी कर रहे हैं। शेष राशि का भुगतान बजट में योजना का प्रावधान कर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अभी धान खरीदी के साथ में 2500 रुपये का भुगतान करती लेकिन केंद्र सरकार द्वारा बोनस देने की स्थिति में चावल नहीं लेने की निर्णय की वजह से अभी फिलहाल 1815 और 1825 रुपये के दाम पर धान खरीदी का निर्णय लेना पड़ा ताकि केंद्र सरकार चावल ले सके। किसानों को शेष राशि का भुगतान योजना बनाकर बजट के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों के लिए हमने केंद्र सरकार से लगातार चर्चा की। हम किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हमालों से भी चर्चा की। उन्होंने हमालों के साथ एक ग्रुप फोटो भी कराई। मुख्यमंत्री ने हमालों से कहा कि अब अगले ढाई महीने आप लोगों को बिल्कुल भी फुर्सत नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गौठान के संबंध में भी किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गौठान के माध्यम से न केवल आय के अवसर उपलब्ध होंगे अपितु फसल की भी रक्षा हो सकेगी। उन्होंने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि कई गांव में किसान पैरा दान करने के लिए आगे आए हैं। कई किसान स्वयं गौठान तक पैरा दान करने आए हैं। मैं इन सबके जज्बे की प्रशंसा करता हूं। ज्यादा से ज्यादा लोग गौठान के लिए अपना पैरा दान करें ताकि पशुओं के लिए उपयुक्त चारा उपलब्ध हो सके। गौठान में गोबर का कलेक्शन जितना अधिकाधिक होगा। इससे वर्मी कंपोस्ट बनाने के उतने ही अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैविक कृषि के लिए असीम संभावनाएं छत्तीसगढ़ प्रदेश में पैदा हो रही है। किसानों के लिए कंपोस्ट खाद का बड़ा बाजार उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि धान खरीदी के निरीक्षण के लिए सबसे पहले मुख्यमंत्री औंधी पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। यहां पर श्रोणित चन्द्राकर अपना धान लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था की जानकारी भी ली। कलेक्टर श्री अंकित आनंद ने बताया कि सभी केंद्रों में किसानों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसानों को टोकन दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी केंद्रों में सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग करते रहें।

About the author

Mazhar Iqbal #webworld

Indian Journalist Association
https://www.facebook.com/IndianJournalistAssociation/

Add Comment

Click here to post a comment

Follow us on facebook

Live Videos

Breaking News

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Advertisements

Our Visitor

0483220