राज्यपाल ने भी नववर्ष की दी शुभकामनाएं
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने देश एवं प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सभी के मंगलमय और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा है कि नया वर्ष 2021 सभी के लिए सुख-शांति और समृद्धिदायक हो।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि वर्ष 2020 में आए राष्ट्रव्यापी कोरोना संकट से सीख लेकर हमें नये वर्ष 2021 के लिए तैयार रहना चाहिए। कोरोना का संकट अभी टला नहीं है, इसलिए उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि जिस तरह वर्ष 2020 में कोरोना से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानी बरतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, वैसे ही नये वर्ष 2021 में भी शासन-प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किये जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन कर आवश्यक सहयोग करेंगे। राज्यपाल ने कहा है कि राष्ट्रव्यापी कोरोना संकट के दौरान डॉक्टर, वार्ड ब्याय, नर्स, पुलिस, शासन-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, रेडक्रास सोसायटी के वालेंटियर, एन.सी.सी. के कैडेट्स, एन.एस.एस. के स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की सेवा की है। इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं ने भी खुले दिन से कोविड-19 से प्रभावित लोगों की मदद की है। राज्यपाल ने उन सभी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भी नये वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि नया वर्ष सभी लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाए।
मुख्यमंत्री बघेल ने आज यहां जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि राज्य सरकार किसानों, मजदूरों, गरीबों, युवाओं, महिलाओं सहित सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। नई सरकार ने कोरोना संकट के बावजूद उद्योग, कृषि के क्षेत्र की रफ्तार कम नही होने दी। राज्य सरकार के फैसलों से छत्तीसगढ़ के विकास का पहिया गतिमान रहा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना प्रारंभ की गई है, जिनका सकारात्मक असर दिख रहा है। विगत दो वर्षो में छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर को नियंत्रित रखने में सफलता मिली। उद्योग और व्यापार जगत में भी अच्छा वातावरण निर्मित हुआ है। छत्तीसगढ़ को इस अवधि में अनेक क्षेत्रों में राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ के पूर्वजों की परिकल्पना के अनुरूप अपनी गौरवशाली परम्परा और पहचान को कायम रखते हुए प्रदेश को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए सभी नागरिकों से गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए सक्रिय सहयोग का आव्हान किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी लोगों के लिए मंगलकामना की है।
Add Comment